प्लॉट खरीदने के लिए लोगों को अब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग गाइड करेगा।
प्लॉट खरीदने के लिए लोगों को अब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग गाइड करेगा। लोग जमीन का ततीमा और जमाबंदी लेकर टीसीपी दफ्तर जाकर संबंधित एरिया अफसर से प्लॉट की जानकारी ले सकते हैं। हिमाचल में अच्छी लोकेशन पर जगह का अभाव है।
हिमाचल में 90 डिग्री एंगल में बेकार पड़ी जमीनों को लोग बेच रहे हैं। इन जमीनों पर न तो भवन का निर्माण हो सकता है और न ही प्लॉट के लिए रास्ते बनाए जा सकते हैं। लोग पहाड़ों पर चार से पांच विस्वा जमीनें खरीद रहे हैं। टीसीपी में इन दिनों ऐसे नक्शे पास
करने के लिए आ रहे हैं, जिनकी जमीन खड़ी चट्टान पर है। 90 डिग्री एंगल की जमीन पर भवन बनाना भूकंप की दृष्टि से भी खतरनाक है। ऐसे में टीसीपी ने लोगों से अपील की है कि वे जमीन खरीदने से पहले टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारियों से जरूर परामर्श लें।
कंस्ट्रक्शन भी महंगी- टीसीपी का मानना है कि पहाड़ों पर कंस्ट्रक्शन बहुत मंहगी है। भवन निर्माण के दौरान प्लॉट के फ्रंट से 11 फीट से ज्यादा डंगा नहीं लगाया जा सकता है। इससे ज्यादा डंगा लगाया जाना डेविएशन माना जाता है।
लोग जमीन खरीदने से पहले दस्तावेज टीसीपी अधिकारियों को दिखा सकते हैं। अधिकारी लोगों को बताएंगे कि कौन सी जमीन घर बनाने के लिए ठीक है। - सुधीर शर्मा, शहरी विकास मंत्री