शिंकुला दर्रे पर पर्यटन निगम कर्मी।
- फोटो : संवाद
त्योहारी सीजन में मनाली आने वाले पर्यटक लद्दाख की सीमा शिंकुला दर्रा तक बस से सैर-सपाटा कर सकेंगे। हिमाचल पर्यटन विकास निगम ने गत दिन मनाली के शिंकुला दर्रे तक 34 सीटर बस चलाने का सफल ट्रायल किया। इस बस में 25 सवारियां गईं। अब एक अक्तूबर से मनाली से 16580 फीट ऊंचे शिंकुला दर्रे के लिए नियमित बस चलेगी। वहीं, निगम मनाली-लेह मार्ग पर स्थित बारालाचा के लिए भी एक अक्तूबर से ही डीलक्स बस चलाने जा रहा है। दोनों रूट पर बस में सीट पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर मिलेगी। निगम ने शिंकुला के लिए प्रति सीट का किराया 1000 रुपये और बारालाचा के लिए 900 रुपये तय किया है।
बर्फ से लकदक शिकुंला दर्रे के लिए पहली बार निगम बस सेवा शुरू करने जा रहा है, जबकि बरसात के कारण बारालाचा के लिए बस सेवा बंद की है। इसे पर्यटन सीजन में मिली सफलता के बाद अब एक अक्तूबर से दोबारा चलाया जा रहा है। शिंकुला और बारालाचा दर्रे तक बस से जाकर सैलानी बर्फ का दीदार कर सकेंगे। पर्यटन विकास निगम के डीजीएम बीएस औक्टा और पर्यटन विकास निगम की परिवहन शाखा के सहायक प्रबंधक रामपाल ठाकुर ने बताया कि एक अक्तूबर से शिंकुला के साथ बारालाचा रूट पर बसों को चलाया जाएगा।