बारालाचा दर्रे में बर्फ से खेलते पर्यटक
- फोटो : एएनआई, शिमला
मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। वहीं, पहाड़ों में जाकर पर्यटक बर्फ से खेल रहे हैं। बारालाचा दर्रे पर बर्फ जमी हुई है ऐसे में पर्यटक यहां आकर आनंदित हो रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री चल रहा है। मैदानी राज्यों में पारा 40 से 45 डिग्री के बीच पहुंच गया है। राजधानी शिमला, मनाली, डलहौजी, कसौली और धर्मशाला के अधिकांश होटलों में इन दिनों सैलानियों की ऑक्यूपेंसी फुल चल रही है।
सोमवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला के आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई है। जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिली है। इसके साथ ही किसानों ने भी ली राहत की सांस ली है। धर्मशाला में दिन में अधिकतम तापमान 40 के पार पहुंच चुका था, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, जिला कुल्लू में शाम के समय हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। गरज के साथ बारिश से तापमान में पांच से सात डिग्री तक गिरावट आई है। हालांकि दिन को जिला मुख्यालय का तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में 18 से 21 जून तक बारिश के आसार हैं। जून के अंत तक प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने का पूर्वानुमान है। हालांकि राजधानी शिमला में सोमवार को हल्की धूप के साथ बादल छाए, लेकिन फिर से बादल छंट गए और फिर धूप खिल गई।