फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: बर्फ के दीदार करने शिमला-मनाली में उमड़े सैलानी, सड़कें बाधित होने से बढ़ी परेशानी, जाम में फंसे

Sat, 24 Jan 2026 03:29 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला/मनाली।

सार

बर्फबारी के दीदार के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों ने राजधानी शिमला सहित मनाली व अन्य पर्यटन स्थानों का रुख किया है।
विज्ञापन
मनाली और शिमला में ट्रैफिक जाम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी के बाद दुश्वारियां बढ़ गई हैं। राज्य में सैकड़ों सड़कें बंद हैं। वहीं बर्फबारी के दीदार के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों ने राजधानी शिमला सहित मनाली व अन्य पर्यटन स्थानों का रुख किया है। बर्फबारी से सड़कें बाधित होने के कारण घंटों जाम लग रहा है। शिमला व मनाली में आज सुबह से ही भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। दिनभर बर्फ पर फिसलन की वजह से ट्रैफिक कछुआ चाल से चला। इससे सबसे ज्यादा परेशानी शिमला-मनाली पहुंच रहे या यहां से लाैट रहे सैलानियों को झेलनी पड़ी। शिमला के सर्कुलर रोड पर सुबह से वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। सुबह अधिकतर लोग पैदल अपने गंतव्य तक पहुंचे। कई सैलानी भी गाड़ियों से उतरकर पैदल मालरोड की ओर जाते नजर आए। सड़क से बर्फ को पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है। यही स्थिति मनाली में भी नजर आ रही है। पतलीकूहल से मनाली तक भारी ट्रैफिक जाम लगा रहा। बर्फबारी ने मनाली हाईवे जोखिम भरे स्लिप जोन में बदल दिया है। पतलीकूहल से आगे  मनाली तक जाम की स्थिति बनी हुई है। वापस लाैट रहे कई सैलानी घंटों फंसे रहे।  मनाली के ट्रैफिक जाम के वीडियो भी सामने आए हैं।

विज्ञापन

भारी ट्रैफिक जाम में घंटों ठंड में ठिठुरते बीमार हो गए सैलानी, विभाग ने लगाया चिकित्सा शिविर
नेशनल हाईवे पर मनाली से पतलीकूहल तक घंटों जाम में फंसे रहने के कारण कई पर्यटक ठंड से बीमार हो गए। इस वजह से स्वास्थ्य विभाग ने नेशनल हाईवे पर ही चिकित्सा शिविर लगाया। डाॅ. प्रीत ने बताया कि कई पर्यटक बीमार हो गए हैं।  इस को देखते हुए जांच के लिए शिविर लगाया गया।

जिले में हालात सामान्य हो रहे: डीसी
जिला कुल्लू में बर्फबारी के चलते कई सड़कें बंद पड़ गई हैं,  जिन्हें बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जलोड़ी दर्रा की तरफ रघुपुर फोर्ट क्षेत्र में फंसे पर्यटकों को रेस्क्यू कर दिया गया है। हालांकि, कुछ पर्यटकों को शुक्रवार को ही रेस्क्यू कर दिया गया था लेकिन कुछ को शनिवार दिन को किया गया है। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने बताया कि प्रशासन मुख्य मार्गों को बहाल करने का कार्य कर रहा है ताकि पर्यटकों को घाटी से बाहर निकलने में आसानी हो और लोगों को भी असुविधा न हो।

ट्रेन से शिमला पहुंचे सैलानी, समरहिल रेलवे स्टेशन पर बर्फ देख झूमे, जमकर की मस्ती
कालका-शिमला ट्रेन से शनिवार को बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। इस दाैरान सैलानियों ने समरहिल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर बर्फ में खूब अठखेलियां कीं। सैलानियों ने एक-दूसरे पर बर्फ फेंककर जमकर मस्ती की।

पर्यटकों का स्वागत, पर देवभूमि की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : विक्रमादित्य
 हिमाचल प्रदेश आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन देवभूमि की गरिमा से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। यह प्रदेश केवल घूमने-फिरने की जगह नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सदियों पुरानी देव परंपरा की भी पावन धरती है। एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की ओर से मनाली में आपत्तिजनक तरीके से डांस के वीडियो पर लोक निर्माण मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए यह बात कही है। विक्रमादित्य ने कहा है कि देवभूमि में आपका सम्मान सुरक्षित है, बशर्ते आप यहां की मर्यादाओं का सम्मान करें। धार्मिक स्थलों के पास अनुचित फोटोशूट, शराब और नशे के साथ हुड़दंग, शोर-शराबा और असभ्य व्यवहार करने वालों के खिलाफ प्रदेश में कड़ी कार्रवाई होगी। 
विज्ञापन

कालका-शिमला हाईवे पर जाम
प्रदेश में बर्फबारी होने के बड़ी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। इससे कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर परवाणू में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शिमला की ओर आने वाली लेन में जाम की स्थिति है। तीन किलोमीटर तक जाम लगा हुआ है। मौके पर पुलिस बल भी तैनात है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें