बुधवार को अटल टनल रोहतांग, सिस्सू, गुलाबा और सोलंगनाला में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। सड़क पर फिसलन की आशंका को देखते हुए सुबह 10:00 बजे के बाद ही पर्यटक वाहनों को भेजा गया।
ताजा बर्फबारी के बाद मनाली के पर्यटन स्थलों में सैलानियों की चहलकदमी बढ़ गई है। बुधवार को अटल टनल रोहतांग, सिस्सू, गुलाबा और सोलंगनाला में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। सड़क पर फिसलन की आशंका को देखते हुए सुबह 10:00 बजे के बाद ही पर्यटक वाहनों को भेजा गया। दोपहर 3:00 बजे के बाद किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी गई। बुधवार को पर्यटक धूप खिलते ही लाहौल की वादियों में पहुंच गए। सिस्सू में बर्फ के बीच पर्यटकों ने जमकर अठखेलियां कीं। सोलंगनाला, गुलाबा और अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। ताजा बर्फबारी होने के बाद पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन कारोबार बढ़ने लगा है। हर रोज मनाली आने वाले पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी हो रही है।
विज्ञापन
निगम के होटलों में भी सैलानियों की आमद बढ़ी है। निजी होटलों में भी 10 प्रतिशत तक उछाल आया है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 नवंबर से फिर से उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या और बढ़ेगी। होटलियर प्रकाश चंद, गौतम ठाकुर तथा निका राम ने कहा कि बर्फबारी के बाद मनाली के माल रोड में रौनक लौटने लगी है। टैक्सी यूनियन के सचिव संदीप कुमार ने कहा कि सर्दी में मनाली टैक्सी यूनियन का पूरा कारोबार बर्फबारी पर टिका रहता है। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि सुबह 10:00 बजे के बाद पर्यटकों को अटल टनल और गुलाबा की ओर भेजा गया। 3:00 बजे के बाद बर्फ जमने के कारण कोई वाहन नहीं भेजे गए। मनाली से लेकर अटल टनल और गुलाबा तक पुलिस की जगह-जगह तैनाती की गई है।