वीकेंड पर दो छुट्टियों के चलते शिमला में सैलानियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
होटलों में होगी डीजे नाइट और लाइव बैंड प्रस्तुति
होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग भी हुई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वैलेंटाइन डे के लिए शिमला के पर्यटन कारोबारियों ने सैलानियों के लिए आकर्षक पैकेज जारी किए हैं। वैलेंटाइन डे पर शिमला में सैलानियों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है।
होटल कारोबारियों और ट्रेवल एजेंट्स ने वैलेंटाइन डे के लिए डिस्कांउट पैकेज जारी किए हैं। वैलेंटाइन डे पर होटलों और रेस्टोरेंट में डीजे नाइट और लाइव बैंड परफार्मेंस होंगी। इस हफ्ते वीकेंड की दो छुट्टियों के साथ सोमवार को वैलेंटाइन डे आ रहा है। शिमला में हुई बर्फबारी भी सैलानियों को आकर्षित कर रही है।
वीकेंड और वैलेंटाइन डे के लिए शहर के होटलों में कमरों की बुकिंग शुरू हो गई है। इस वीकेंड पर वैलेंटाइन डे के चलते शहर के होटलों में सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंचने की उम्मीद है। हफ्ते की शुरुआत में ही शहर के होटलों में बीस फीसदी कमरों की बुकिंग हो चुकी है। होटलों में कैंडल लाइट डिनर, गाला नाइट, म्यूजिक डांस एंड डीजे नाइट खास आकर्षण रहेगा।
कुछ होटलों ने खाने पर 20 से 30 फीसदी छूट दी जा रही है। सैलानियों के लिए सरप्राइज लक्की ड्रॉ भी निकाले जाएंगे जिनमें जितने वालों को हॉलीडे पैकेज दिया जाएगा। शिमला होटिलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस वीकेंड के साथ वैलेंटाइन डे आने से होटलों में अच्छी ऑक्यूपेंसी की उम्मीद है। हफ्ते की शुरुआत में ही होटलों के 20 फीसदी कमरे एडवांस बुक हो गए हैं।
सैलानियों के लिए होटलों ने आकर्षक पैकेज जारी किए हैं। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि ट्रेवल एजेंट्स ने टूरिस्टों के लिए आकर्षक पैकेज जारी किए हैं। कमरों की फूलों से सजावट की जाएगी।
पर्यटन निगम के होटलों में 30 फीसदी छूट
वैलेंटाइन डे के लिए पर्यटन विकास निगम ने अपने सभी होटलों में ठहरने वाले सैलानियों को 30 फीसदी छूट देने की घोषणा की है। पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक अनिल तनेजा ने बताया कि बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच वैलेंटाइन डे मनाने के लिए आने वाले सैलानी इस छूट का लाभ उठा सकते हैं।