मैदानी इलाकों में बढ़ रही तपिश के चलते हिल्सक्वीन शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इन दिनों कुछ मैदानी इलाकों में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया है वहीं शिमला में मौसम मैदानी इलाकों के मुकाबले कुछ ठंडा है। रोजाना हजारों की संख्या में सैलानी शिमला घूमने पहुंच रहे हैं। शहर के होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है। आलम यह है कि सैलानियों को अपने पसंदीदा होटलों में कमरे तक नहीं मिल रहे। सैलानी यहां मौसम का तो भरपूर आनंद ले रहे हैं लेकिन बंदरों और कुत्तों से उन्हें परेशानी भी हो रही है।
शिमला बस अड्डे और माल रोड पहुंचते ही पर्यटकों का सामना कुत्तों और बंदरों से होता है। पर्यटक सबसे ज्यादा जाखू मंदिर जाना पसंद कर रहे हैं। यहां की शांत वादियों और देवदार के जंगलों के बीच जाखू चोटी पर बने हनुमान मंदिर तक पैदल जाना सैलानियों को काफी पसंद है। यहां का मौसम भी काफी ठंडा है। शिमला के अलावा कुछ पर्यटक कुफरी, मशोबरा, चायल और तारादेवी जैसे पर्यटक स्थलों में जाना भी पसंद कर रहे हैं।