बर्फ के बीच मस्ती करते सैलानी।
- फोटो : अमर उजाला
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से चंद्रा घाटी के सिस्सू और कोकसर पंचायत के रिहायशी इलाके बर्फ से ढक चुके हैं। ताजा बर्फबारी के बाद मनाली समेत लाहौल घाटी में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अटल टनल रोहतांग से हजारों की संख्या में पर्यटक लाहौल पहुंच रहे हैं। वीरवार रात को भी घाटी के कोकसर, अटल टनल के पास में 30 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है। अटल टनल रोहतांग और सिस्सू पर्यटकों से गुलजार चल रहा है।
घाटी में शुक्रवार को कोकसर, जंखर, फलोंग, सिस्सू और चंद्रा घाटी के कई भागों में पर्यटकों ने दस्तक दी। पर्यटकों ने शुक्रवार को अटल टनल रोहतांग के अलावा कोकसर के पास रमथांग वाटरफॉल, नार्थ पोर्टल के जंखर फलोंग में चंद्रा नदी के किनारे खूब मौज-मस्ती की। यहां की खूबसूरत वादियों को अपने कैमरे में कैद किया। इसके अलावा कई पर्यटक वीडियो कॉल के माध्यम से दोस्तों और परिजनों को वादियों का दीदार करते दिखे।
सिस्सू हेलीपैड में पर्यटकों ने साहसिक खेलों में स्कीइंग, एटीवी राइड और जिपलाइन का भी मजा लिया। सेक के अध्यक्ष सुनील ने कहा कि जुलाई से अक्तूबर तक पर्यटक कम संख्या में लाहौल पहुंचे, लेकिन अब ताजा बर्फबारी होने से संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उधर, पर्यटन कारोबारी अनिल और राजेश ने कहा कि लाहौल में पर्यटकों की भीड़ बढ़ रही है, जिससे कि आगामी दिनों में कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं वीकेंड के लिए भी मनाली में सैलानियों की बुकिंग में वृद्धि हुई है आसैर इस वीकेंड में मनाली में एक हजार पर्यटक वाहनों को आने की संभावना है।