हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। कांगड़ा जिले के 58 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं, सोलन जिले के नंदपुर की 70 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला की पीजीआई में मौत हो गई है। प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 79 नए मामले आए हैं। कांगड़ा जिले में 20, सिरमौर 25, ऊना 18, सोलन 10, मंडी तीन, हमीरपुर दो और शिमला में एक नया मामला आया है।
जीपीएस मालूवाल की एक छात्रा पॉजिटिव
ऊना जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत 18 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। जीपीएस मालूवाल की एक स्कूली छात्रा भी कोरोना संक्रमित निकली है। सीएमओ ऊना डॉक्टर रमन कुमार शर्मा ने बताया कि सभी मामलों में हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
जानें किस जिले में कितने सक्रिय केस
प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना की जांच के लिए 4442 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 3986 की रिपोर्ट निगेटिव और 422 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। इसके साथ ही प्रदेश के कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 59014 पहुंच गया है। सक्रिय मामले अब 589 हो गए हैं। अब तक 57428 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 984 की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 33 , चंबा सात, हमीरपुर 16, कांगड़ा 255, किन्नौर सात, कुल्लू 15, मंडी 21, शिमला 46, सिरमौर 62, सोलन 58 और ऊना जिले में 69 है।
बढ़ रहा कोरोना, तीन-चार दिन देखने के बाद कैबिनेट में लेंगे फैसला: जयराम
हिमाचल में कोरोना फिर से पांव पसारने लगा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि कोरोना कभी जाते तो कभी आते दिख रहा है। कोरोना पूर्ण रूप से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में हिमाचल की जनता को एहतियात बरतने की सख्त जरूरत है। प्रदेश सरकार तीन-चार दिन देखेगी और मामले बढ़ते हैं तो उचित कदम उठाने पड़ेंगे। सरकार 10 मार्च के आसपास कैबिनेट बैठक बुलाएगी। इसमें में विस्तृत चर्चा होगी।
सीएम ने कहा कि हिमाचल में अब संक्रमण न फैले, इसको लेकर सरकार को सख्त निर्णय लेने पड़ेंगे तो लेंगे। सरकार ने डीसी, एसडीएम, बीडीओ, और सीएमओ को सतर्क रहने को कहा है। उधर, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की राज्य कार्यकारी समिति ने सभी जिलों व विभागों के अधिकारियों को गृह मंत्रालय की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए हैं। ये दिशा निर्देश हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की वेबसाइट https://hpsdma.nic.in पर उपलब्ध हैं।