भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले टी-20 मैच के लिए ऑनलाइन टिकट खरीदने में दर्शकों में गजब का उत्साह है। अधिकतर टिकटें बिक चुकी हैं। ऑनलाइन टिकट बेचने वाली कंपनी बुक माई शो की वेबसाइट पर 300, 1000 और 1500 वाली सभी ऑनलाइन टिकटें बिक गई हैं।
दर्शक वेबसाइट पर अब सिर्फ 1200, 3000 और 5000 वाली टिकटें ही खरीद सकते हैं। 1200, 3000 और 5000 वाली ऑनलाइन टिकटें भी अब काफी कम बची हैं। वहीं, धर्मशाला स्टेडियम में भी टिकटें बेचने के लिए काउंटर लगाया जाएगा। संभावना जताई जा रहा है स्टेडियम में कंपनी का काउंटर शुक्रवार से लग जाए।
काउंटर पर मिलेंगी 300 वाली टिकटें
स्टेडियम में काउंटर पर दर्शकों को 300 वाली टिकटें मिल सकेंगी। ऐसे में मैच से हफ्ता भर पहले ही धर्मशाला स्टेडियम अमूमन पैक हो गया है। धर्मशाला मैच को लेकर दर्शकों के इस गजब के उत्साह से एचपीसीए भी गदगद है। दरअसल, धर्मशाला में लंबे अरसे बाद अंतर्राष्ट्रीय मैच होने जा रहा है।
इससे पहले यहां वेस्ट इंडीज के साथ वन डे मैच हुआ था। जिसमें, भारत ने जीत की पताका लहराई थी। ऐसे में उसके बाद अब अंतर्राष्ट्रीय मैच होने जा रहा है। बड़ी बात यह भी है कि धर्मशाला के मैदान में टी 20 का यह पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच है।
होटल पवेलियन में ठहरेंगी दोनों टीमें
इसलिए भी इस मैच के धर्मशाला सहित पूरे हिमाचल के लिए खास मायने हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का शुभारंभ ही धर्मशाला में होने जा रहा है। ऐसे में धर्मशाला स्टेडियम में दुनिया भर के दिग्गज जुटेंगे। जिसको लेकर दर्शकों में गजब का उत्साह है।
एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि बुक माई शो वेबसाइट पर ऑनलाइन टिकटों की बिक्री अच्छी हो रही है। दोनों टीमें एचपीसीए के होटल द पवेलियन में ठहरेंगी। वीरवार को एएसपी पंकज शर्मा ने टीम के साथ यहां दौरा किया और होटल सुरक्षा का जायजा भी लिया।