भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच धर्मशाला में होने वाले मैच के लिए विकेट टी-20 स्पोर्टिंग होगी। ग्राउंड की सेंटर पिच की तर्ज पर ही अभ्यास के लिए भी विकेट तैयार की जा रही हैं। मैच और प्रैक्टिस के लिए कुल 19 पिचें तैयार की जा रही हैं। तीन सेंटर, नौ प्रैक्टिस, दो आर्टिफिशियल और इंडोर में पांच पिच तैयार की जा रही हैं। मैदान के पिच क्यूरेटर की मानें तो धर्मशाला में बनाई जा रही पिचें पूरी तरह से टी-20 मैच के लिए तैयार की जा रही हैं।
सेंटर पिचों की तर्ज पर ही प्रैक्टिस पिच का निर्माण किया जा रहा है। एचपीसीए का ग्राउंड स्टाफ 18 सितंबर से इस काम में जुटा है। एचपीसीए के मुख्य पिच क्यूरेटर सुनील चौहान के नेतृत्व में 19 ग्राउंड स्टाफ के सदस्य काम में लगे हुए हैं। पिछले दो दिन बरसात के कारण पिच को कवर करके रखा गया था। उन्होंने बताया कि सेंटर पिच एक अक्तूबर को पूरी तरह से तैयार हो जाएंगी।
मैदान का ड्रेनेज सिस्टम बेहतर हुआ
सुनील चौहान ने बताया कि इस बार खास बात यह रहेगी कि मैदान में कोरिंग की गई है यानी मैदान में छोटे- छोटे छेद बनाए गए हैं। इसके माध्यम से मैदान में ड्रेनेज को बेहतर किया गया है। बरसात होने पर मैदान कुछ ही मिनटों में सूखकर खेलने के लिए तैयार हो जाएगा। इसके लिए बारीक रेत और जैविक खाद का मिश्रण करके पूरे मैदान में डाला है।
पिच बनाने में ये लोग बहा रहे पसीना- पिच को तैयार करने में 19 लोगों का स्टाफ दिन-रात मैदान में पसीना बहा रहा है। इसमें बगली के अजय, राजेश, अश्वनीत, विक्की, अनूप, चैलियां के अजय, प्रताप चंद, पूर्ण चंद, आशीष, कांगड़ा के अजय, तेजस्वी, सकोह के कुलदीप, संतोष, कपिल, दाड़ी के कुलदीप, शिव चरण, विपिन, सकोह के कुलदीप और राहुल चौधरी काम कर रहे हैं।