निर्वासित तिब्बती संसद के चार सदस्यीय सांसदों की टीम सांसद दावाशिंग की अगुवाई में नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया से मिली और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सांसद दावाशिंग ने बताया कि निर्वासित तिब्बती संसद ने थैंक्यू इंडिया अभियान शुरू किया है।
इसमें देश के सभी राज्यों के सांसदों तथा विधायकों से मिलकर आभार व्यक्त किया जा रहा है। दावाशिंग ने बताया कि उनकी अगुवाई में चार सदस्यीय टीम को उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल राज्यों के प्रतिनिधियों से मिलने का जिम्मा सौंपा गया है। सांसद ने कहा कि भारत सरकार की ओर से की गई मदद से ही तिब्बत की संस्कृति, भाषा तथा पहचान बची है तथा तिब्बत का मुद्दा एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बना है।
सांसद ने कहा कि थैंक्यू इंडिया में एक ओर भारत सरकार के सांसदों तथा विधायकों का शुक्रिया करेंगे, वहीं प्रतिनिधियों के माध्यम से भारत सरकार से अपील की जाएगी कि जब भी भारत और चीनी सरकार के बीच कोई बैठक हो तो चर्चा में तिब्बत के मसलों को शामिल किया जाए।