तकिए के नीचे छिपा रखा था 21 ग्राम चिट्टा, शिमला में युवाओं को की जानी थी सफेद जहर की तस्करी
विज्ञापन
गुप्त सूचना पर पुलिस के स्पेशल सेल ने दबोचे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस के स्पेशल सेल ने 21 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों युवक राजधानी के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे।
पुलिस के अनुसार वह अपने साथ लाया चिट्टा यहां स्थानीय युवाओं को सप्लाई करने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल ने शहर के एक निजी होटल के कमरे में दबिश देकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में तकिए के नीचे छिपाकर रखा करीब 21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मादक पदार्थ को आपसी मिलीभगत से पंजाब से शिमला लेकर आए थे और इसे स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
विज्ञापन
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों में 18 वर्षीय आकाश, 19 वर्षीय सागर सिंह और 23 वर्षीय अंकित कुमार शामिल हैं। तीनों आरोपी पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
शोघी में 10 ग्राम चिट्टा के साथ युवक दबोचा जिला पुलिस ने 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर निवासी प्रीतम वर्मा चंडीगढ़ से हेरोइन (चिट्टा) लेकर शिमला आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शोघी पुलिस चौकी के पास आरोपी के वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके बैग से करीब 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की गहन जांच जारी है।