बगीचों से झाड़ दी तीन हजार पेटी सेब।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के लिंगजार पंचायत के गांव चिउना गांव में अनोखा मामला सामने आया है। यहां विगत रात्रि अज्ञात लोगों ने चार बगीचों में पेड़ों पर लगी तीन हजार पेटी सेब झाड़ दिया। सुबह जब बागवान बगीचों में पहुंचे तो यहां उनकी साल भर की कमाई जमीन पर बिछी पड़ी थी। इससे बागवानों को लाखों का नुकसान झेलना पड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दिया है। जानकारी के अनुसार चिउना गांव के रहने वाले रमेश, दुला राम, मोहर सिंह और अमर सिंह ने बताया कि उन्होंने साल भर की मेहनत से बगीचे में लाखों की फसल तैयार की थी।
शुक्रवार सुबह जब वह बगीचे में पहुंचे तो यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई कि हजारों पेटी सेब जमीन पर पड़ा था। ऐसा किसने किया और क्यों किया, इसकी अभी तक किसी को जानकारी नहीं मिल सकी है। क्षेत्र में इस तरह का यह पहला मामला है। बागवानों के अनुसार उनकी कुल तीन हजार के करीब सेब की पेटी झाड़कर जमीन पर बिखेर दी गई है। इससे उन्हें 30 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार वर्मा ने बताया कि चौपाल थाने में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।