सरकारी राशन के डिपो में चीनी मिलने का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं को अब जुलाई में पिछले तीन माह का कोटा एकसाथ मिलेगा। खाद्य एवं नागरिक उपभोक्ता मामलों के मंत्री जीएस बाली ने यह जानकारी दी है। इसके अलावा उचित मूल्य की दुकानों में सात दालें काले मसर, राजमाह, काबली चना, साबुत उड़द, मलका तथा दाल चना उपलब्ध है।
पसंद की तीन दालें उपभोक्ता प्राप्त कर सकते हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल की बैठक में 112 थोक विक्रय भंडारनों का पूरी तरह से आटोमेशन किया गया है। होटल ट्रिपल एच में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री जीएस बाली ने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति निगम के कर्मियों को 15 हजार रुपये की अनुग्रह राशि स्वीकृति की गई है।
इसके साथ ही सेवानिवृत्ति पर 10 हजार के सामान अथवा नकद वॉउचर की राशि को बढ़ाकर 25 हजार करने का निर्णय लिया गया है। बाली ने कहा कि चंबा के चुवाड़ी में नया पेट्रोल पंप खोला जाएगा। टांडा तथा नेरचौक में दवाइयों की दुकानें खोली जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 के लिए 7 लाख स्कूल वर्दी का ऑर्डर दिया गया है। मुख्यमंत्री वर्दी योजना के अंतर्गत 1.77 लाख वर्दियों की आपूर्ति 5 अगस्त से शुरू हो जाएगी। टांडा नेरचौक में दवा की दुकानें खोलेंगी जबकि सिद्धपुर, चैतड़ू, राजगढ़ तथा नेरवा में नए गोदामों का निर्माण किया जाएगा।