हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की बिलिंग घाटी में लापता पायलट को ढूंढने वालों को तीन लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह एलान लापता पायलट राहुल भदौरिया के परिजनों और मित्रों ने किया है। इसके लिए बाकायदा सोशल मीडिया में पोस्ट भी डाली गई है। गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को बिलिंग से उड़ान भरने के बाद दिल्ली के द्वारका निवासी पायलट राहुल भदौरिया (45) लापता हो गया था। उसकी तलाश की जा रही है। पिछले शनिवार से पायलट की तलाश के लिए रोजाना हेलिकॉप्टर उड़ान भर रहा था। छठे दिन हेलिकाप्टर से पायलट की तलाश बंद कर दी गई है। अब मैक्लोडगंज पर्वतारोहण संस्थान की टीम उसकी तलाश कर रही है। बीड़ से गए खोजी दल भी वापस आ गए हैं।
उधर, वीरवार को हेलिकॉप्टर से सर्च अभियान बंद होने के बाद बिलिंग से टेंडम उड़ानें पांच दिन लगातार बंद रहने के बाद गुरुवार से शुरू कर दी गईं। लापता पायलट के मित्र व परिजन पायलट की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। बीते शनिवार से मनाली से आए निजी हेलिकाप्टर से पायलट की तलाश की गई। सोमवार से भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर से उसकी तलाश की गई है। पायलट राहुल को पिछले शुक्रवार को करीब साढ़े 11 बजे दोपहर को बिलिंग से उड़ान भरने के बाद अंतिम बार मनई धार उतराला गांव के ऊपर जाते हुए देखा गया था। एसडीएम छवि नांटा ने बताया कि पायलट की तलाश पर्वतारोहण संस्थान कर रहा है। गुरुवार से टेंडम उड़ानें शुरू कर दी गई हैं।