शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की सुविधा को जल्द तीन इलेक्ट्रिक वाहन चलाए जाएंगे। इसकी सुविधा बस अड्डे से लेकर चिंतपूर्णी मंदिर परिसर तक मिलेगी। चिंतपूर्णी मंदिर प्रबंधक कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय में हुई बैठक में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर देने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में साफ-सफाई रहे, इसके लिए कूड़ा संयंत्र लगाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को इस संयंत्र को लगाने के लिए उपयुक्त भूमि चयनित करने को कहा। बैठक में सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने पर भी चर्चा हुई। डीसी ने कहा कि शंभू बैरियर, तलवाड़ा बाईपास चौक, माता शीतला मंदिर चौक व मेन बैरियर पर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे स्थापित होने चाहिए और सभी सीसीटीवी कैमरा का कंट्रोल एक स्थान पर रहेगा। मंदिर प्रबंधक कमेटी की बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को इलेक्ट्रिक वाहन चलाने पर भी चर्चा की गई।
कहा कि मेलों के दौरान व अन्य विशेष दिनों में हजारों की संख्या में भीड़ मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए पहुंचती है, जिनमें बीमार, अपंग और कुछ ऐसे श्रद्धालु भी होते हैं, जो पैदल नहीं चल सकते। ऐसे में उनकी सुविधा को देखते हुए बस अड्डा चिंतपूर्णी से मंदिर तक 3 इलेक्ट्रिक वाहन चलाए जाएंगे। बैठक में डीसी ने मंदिर न्यास की ओर से भक्तों को प्रसाद उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा की गई। मंदिर प्रबंधक कमेटी की बैठक में एडीसी ऊना अरिंदम चौधरी, एसडीएम अंब तोरुल एस रवीश, डीएसपी अशोक वर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. निखिल, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस सतनाम सिंह सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।