पेंशनर कल्याण संगठन का आरोप, दो श्रेणियों में बांटकर पेंशन दे रही सरकार, 65 साल से कम उम्र के पेंशनरों को नहीं दी है अभी पेंशन
विज्ञापन
क्रॉसर65 साल से अधिक उम्र के पेंशनरों को कर दी है अदायगी
बोले, हर महीने संघर्ष करके मिल रही पेंशन, हो रही परेशानी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। एचआरटीसी के 65 साल से कम उम्र के पेंशनरों को 24 तारीख बीतने के बाद भी पेंशन नहीं मिली है। इसको लेकर प्रदेश के हजारों पेंशनरों में रोष है। सरकार ने 65 साल से अधिक उम्र के पेंशनरों को पेंशन जारी कर दी है जबकि इससे कम उम्र के पेंशनरों को अभी भी पेंशन का इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रदेश सरकार के पेंशन देने के इस फार्मूले का निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने विरोध किया है। पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन ने प्रदेश सरकार से सभी पेंशनरों को जल्द पेंशन जारी करने की मांग की है। पेंशनरों का कहना है कि सरकार से हर महीने संघर्ष करके पेंशन मिल रही है। इस वजह से इस उम्र में उन्हें आर्थिक तंगहाली से गुजरना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि परिवहन निगम के पेंशनरों के साथ यह सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि परिवहन निगम के आला अधिकारियों ने इस बार पेंशन जारी करने का अलग फार्मूला निकाला है। इसमें 65 वर्ष से अधिक पेंशनरों को पेंशन दे दो बाकी को छोड़ दो, जिसकी पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन कड़े शब्दों में निंदा करता है। 3 फीसदी महंगाई भत्ता सभी कर्मचारियों को दे दिया है लेकिन निगम के पेंशनरों को इससे वंचित किया है।
विज्ञापन
12 दिसंबर को प्रबंध निदेशक ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया था कि इस मामले को बीओडी में ले जाकर अनुमति बाद दिया जाएगा। इसके बावजूद बीओडी की बैठक में लिए निर्णयों की प्रेसवार्ता के माध्यम से दी जानकारी में उपमुख्यमंत्री की ओर से पेंशनर्स के 3 फीसदी डीए के बारे कोई जानकारी नहीं दी गई। संगठन के प्रेस सचिव देवेंद्र चौहान ने कहा कि चिकित्सा बिलों की अदायगी के बारे में सरकार की ओर से कोई जिक्र नहीं किया है। 12 अक्तूबर 2024 में नौ करोड़, सितंबर 2025 में तीन करोड़ देने की घोषणा कर चुके हैं, इसके बावजूद आज तक चिकित्सका बिलों का भुगतान नहीं किया गया।
तो अधिकारियों का करेंगे घेराव : संगठन
संगठन के मुताबिक पेंशनरों के अन्य वित्तीय लाभ दस वर्षों से लंबित हैं। संगठन की ओर से मांगों को लेकर प्रबंधन को एक मांगपत्र भी दिया है। प्रबंधन की ओर से मांगपत्र पर वार्ता करने का भी प्रयास नहीं किया जा रहा है। पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन के अध्यक्ष केसी, चौहान, उपाध्यक्ष सुरेंद्र गौतम, राज्य प्रधान देवराज ठाकुर, राज्य महासचिव नानक शांडिल, अतिरिक्त महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि अगर निगम प्रबंधन और सरकार पेंशनरों की मांगों का समाधान नहीं करती है या वार्ता के लिए नहीं बुलाते हैं तो पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन इस माह के अंतिम सप्ताह में मुख्यालय में बैठे अधिकारियों का घेराव करेंगे।