प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा ने ठियोग -हाटकोटी सड़क के निर्माण के मामले में अनदेखी का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं ने इस मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस सिलसिले में पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के प्रधान सचिव को ज्ञापन सौंपा।
भाजपा की ओर से आयोजित सड़क संघर्ष यात्रा के अंतिम दिन वीरवार को सभी सत्याग्रही सुबह 10 बजे पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के नेतृत्व में रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए।
गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सभी सत्याग्रही पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के आवास तक पैदल गए। इस मौके पर प्रेम कुमार धूमल ने यात्रा की सफलता के लिए नरेंद्र बरागटा और सभी सत्याग्रहियों को बधाई दी। इसे प्रदेश सरकार को जगाने वाला सफल आंदोलन करार दिया।
नरेंद्र बरागटा के नेतृत्व में सभी भाजपाई राजभवन पहुंचकर राज्यपाल के प्रधान सचिव को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री और पूर्व मंत्री राजीव बिंदल, शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज, विधायक सुरेश कश्यप, विधायक बलदेव तोमर, पूर्व विधायक राकेश वर्मा, ख़ुशी राम बालनाहटा, प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त, चंद्रमोहन ठाकुर, शिमला संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री पुरुषोत्तम गुलेरिया प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष सुनील ठाकुर, उपाध्यक्ष अरुण फाल्टा, महासू जिला अध्यक्ष अमीचंद वर्मा सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री एवं भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता शामिल रहे।