वाहनों से स्टंट करने वाले चालकों के खिलाफ हिमाचल पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब स्टंट करते पकड़े जाने पर न केवल वाहन जब्त होगा बल्कि एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। यह फैसला यातायात नियमों का उल्लंघन कर लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने और यातायात बाधित करने वालों पर लगाम लगाने के लिए लिया गया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने बताया कि हाल के दिनों में कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कुछ युवा बाइक, स्कूटी और कारों के साथ सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते पाए गए हैं।