अब बढि़या गुणवत्ता का सेब आने से बढ़ने लगे दाम
भारती शर्मा
शिमला। राजधानी की भट्ठाकुफर फल मंडी में रायल सेब के दामों में उछाल आ गया है। सेब प्रतिकिलो 30 से 50 रुपये तक महंगा हो गया है। शनिवार को मंडी में पहुंचा रायल सेब 140 रुपये प्रतिकिलो तक बिका है।
पिछले दो हफ्ते से फल मंडी में सेब 70 से 110 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था। आढ़तियों के अनुसार बढि़या सेब आने से दामों में बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में भी यह दाम और बढ़ सकते हैं। कोटखाई के थरौला निवासी अभिषेक पुटरा भी शनिवार को भट्ठाकुफर फल मंडी में रॉयल सेब की 45 पेटियां लाए थे। इनकी 30 किलो की सेब की पेटी 4200 रुपये में बिकी है। दो हफ्ते से जो सेब आ रहा था, वह ज्यादा अच्छा नहीं था। अब जिले के ऊंचाई वाले इलाकों से कुछ बागवान सेब लेकर पहुंच रहे हैं। इन्हें अच्छे दाम मिल रहे हैं। जिला शिमला में अब सेब का कारोबार अंतिम चरण में है और अब सिर्फ ऊंचाई वाले क्षेत्रों से ही सेब आ रहा है। भटठाकुफर में फल मंडी शनिवार को सेब की करीब नौ हजार पेटियां बिकीं।
रंग और आकार बढि़या : चौहान
भट्ठाकुफर फल मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रताप चौहान ने बताया कि शनिवार को रायल सेब को अच्छे दाम मिले हैं। 140 रुपये प्रतिकिलो तक रायल सेब बिका है। इसका रंग और आकार अच्छा है।