कच्चीघाटी वार्ड में पांचवें दिन बाद भी नहीं आया पानी, टुटू, पटयोग, फागली में भी पानी के लिए तरसे लोग
विज्ञापन
पानी के लिए मंगाए टैंकर, टुटू, लक्कड़ बाजार में हालात खराब अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में पीने के पानी के लिए मारामारी शुरू हो गई है। शहर के कच्चीघाटी वार्ड के लोअर चक्कर क्षेत्र में बुधवार को चौथे दिन भी देर शाम तक पानी नहीं मिला। पटयोग, फागली, नाभा, टुटू समेत कई वार्डाें में चौथे दिन पानी नहीं आया।
पीने के लिए भी जब घरों में पानी खत्म हो गया तो लोगों को मजबूरन टैंकर मंगवाने पड़े। शहर के टुटू क्षेत्र में दोपहर करीब 3:00 बजे टैंकर पानी लेकर पहुंचा। इसे देखते ही लोग बाल्टियां लेकर सड़कों पर चले आए। बच्चे, महिलाएं भी लाइनों में लग गए। लोगों ने कहा कि टंकियां खाली पड़ी हैं। बर्तन और कपड़े धोने के लिए बारिश का पानी भी जमा कर रहे हैं। पीने लायक पानी के लिए टैंकर के सामने लाइन लगानी पड़ रही है। पार्षद मोनिका भारद्वाज ने बताया कि वार्ड में चार दिन से पानी नहीं आया है। यहां एक स्कूल में भी पानी खत्म हो गया था। इसलिए टैंकर मंगवाना पड़ा। टुटू चौक के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति के घर में भी मंगलवार से पानी खत्म था। ऐसे में बुजुर्ग व्यक्ति की पानी की टंकी भी टैंकर से भरी गई। आसपास के दूसरे लोगों को भी पीने लायक पानी बाल्टियों में भरवाया गया है। देर शाम लक्कड़ बाजार क्षेत्र के लिए भी रिज से पानी का टैंकर भेजा गया। यहां भी बाजार में लोग बाल्टियां लेकर पानी भरने के लिए लाइन में लग गए।
विज्ञापन
चक्कर में भी पांचवें दिन भी पानी नहीं
शहर के लोअर चक्कर इलाके में बुधवार को पांचवें दिन भी पानी नहीं आया। पार्षद किरण शर्मा ने कहा कि लोगों के पास अब पीने लायक पानी तक नहीं बचा है। पटयोग पार्षद आशा शर्मा, नाभा पार्षद सिमी नंदा ने भी वार्डाें में चौथे दिन पानी न मिलने पर सवाल उठाए। पेयजल लाइनों से पानी न मिलने के कारण टैंकरों की मांग बढ़ गई है। कंपनी के रिज कंट्राेल रूम में बुधवार शाम 5:00 बजे तक 24 टैंकरों की मांग पहुंची थी। हालांकि, इन सभी को पानी नहीं मिल पाया। यहां सिर्फ दो ही टैंकर उपलब्ध हैं। वहीं छोटा शिमला कंट्रोल रूम में भी आधा दर्जन से ज्यादा टैंकरों के लिए मांग आई थी। कंपनी का कहना है कि गिरि गुम्मा से अब पेयजल आपूर्ति सुचारू हो गई है। ऐसे में वीरवार से लोगों को पेयजल लाइनों से पानी मिलना शुरू हो जाएगा।
गाद थमी, गिरि-गुम्मा से मिलने लगा पानी
सभी पेयजल परियोजनाओं से बुधवार को 20.93 एमएलडी पानी मिला है। यह सामान्य से करीब 27 एमएलडी कम है। 18 एमएलडी की क्षमता वाली गिरि से महज 3.70 एमएलडी पानी मिला है। राहत यह है कि बुधवार दोपहर से गिरि से पेयजल आपूर्ति सुचारू हो गई है। कंपनी के अनुसार गाद थमने से गिरि से पंपिंग शुरू कर दी गई है। गुम्मा, चैड़, कोटी बरांडी से भी अब ज्यादा पानी मिलने लगा है। शहर में वीरवार को 35 एमएलडी से ज्यादा पानी सप्लाई करने का टारगेट रखा है। कंपनी का दावा है कि जल्द ही लोगों को तीसरे दिन पानी मिलने लगेगा।
कई इलाकों में आया मटमैला पानी
शहर के कई इलाकों में कंपनी ने बुधवार सुबह पानी की आपूर्ति दी। लेकिन कुछ इलाकों में मटमैला पानी आने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। परियोजनाओं में गाद के चलते शहर में पहुंच रहा पानी भी हल्का मटमैला है। कंपनी का कहना है कि लोग पानी उबालने के बाद ही पीने के लिए इस्तेमाल करें।