नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठियोग के बहानी गांव में रविवार तड़के तीन अलग-अलग घरों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस की तलाशी में करीब आठ किलोग्राम चरस बरामद हुई है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की रणनीति तैयार की गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने एक साथ तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, ताकि आरोपी एक-दूसरे को सतर्क न कर सकें।
तीन घरों से अलग-अलग मात्रा में चरस बरामद
पुलिस के अनुसार, पहले ठिकाने पर श्याम सिंह के घर की तलाशी के दौरान 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे घर में लक्ष्मी नंद के यहां से करीब 900 ग्राम चरस मिली। तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ के घर से सबसे बड़ी खेप बरामद हुई। यहां पुलिस को 5.5 किलोग्राम चरस के अलावा 1,05,690 रुपये नकद और वजन करने वाली मशीन मिली। तीनों ठिकानों से बरामद चरस की कुल मात्रा करीब आठ किलोग्राम बताई गई है।