जेसीबी की मदद से लोहे के बने अस्थायी शेड हटाए अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नेशनल हाईवे-5 कालका-शिमला पर कैथलीघाट से मैहली तक सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाई दुकानों को हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कार्रवाई की।
लोक निर्माण विभाग के एनएच विंग और अतिक्रमण हटाने के लिए एडीएम लॉ एंड ऑर्डर की अगुवाई में गठित रोड सेफ्टी टास्क फोर्स की विशेष कमेटी ने इस दौरान 15 कब्जों को हटाया। टीम ने इस दौरान जेसीबी की मदद से लोहे के बने अस्थायी शेड और दुकानों को उखाड़ा। टास्क फोर्स में सहायक अभियंता, एनएच विंग शालाघाट, नेत्र प्रकाश, राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार चांद राम, पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर विवेक शर्मा, कनिष्ठ अभियंता, एनएच विंग, साहिल तथा वन विभाग के बीओ अशोक कुमार और वन रक्षक कर्ण पाल ठाकुर की टीम शामिल रही। टीम ने शनिवार को कैथलीघाट के पास शालाघाट से लेकर ख्वारा चौकी तक 15 अतिक्रमण जेसीबी और मजदूरों की मदद से हटाए। शोघी बाजार और इसके आगे के हिस्से में अतिक्रमण हटाने के लिए टीसीपी के अधिकारियों के उपलब्ध न होने के कारण मुहिम को आगे नहीं बढ़ाया जा सका।
सहायक अभियंता नेत्र प्रकाश ने कहा कि मैहली तक एनएच किनारे से सभी अतिक्रमण हटाने का कार्य पूरा किया जाएगा। टीम में शामिल अन्य विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता होने पर अगले चरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले शुक्रवार को भी कुछ अतिक्रमण हटाए थे। शोघी तक अतिक्रमण कर दुकानें चलाने वालों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया था। इनमें से कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटा लिया था। ख्वारा चौकी तक जो अतिक्रमण नहीं हटाए गए थे, उन्हें जेसीबी और मजदूरों की मदद से हटाया गया।