गेयटी में सोमिता के बनाए चित्र बने आकर्षण का केंद्र
विज्ञापन
आर्ट फेस्ट में लगाई गई है चित्रों की प्रदर्शनी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में आयोजित एचसी राय मेमोरियल आर्ट फेस्ट में चारकोल पेंसिल से बने चित्र लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं। इन चित्रों में बुजुर्गों की झुर्रियों के माध्यम से उनके पूरे जीवन की कहानी दिखाने का प्रयास किया है। इन चित्रों को शिमला की रहने वाली सोमिता सिंह ने बनाकर तैयार किया है।
सोमिता बिशप कॉटन स्कूल शिमला में गणित की अध्यापिका है। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही चित्रकारी करती आ रही है। शिक्षक होने के साथ वह अपनी कला के माध्यम से भावनाओं को रंगों में उतारती हैं। उन्होंने चित्र में चारकोल, ऑयल पेस्टल मीडिया और पानी के रंगों का प्रयोग किया है। इन चित्रों का मूल्य दो हजार से 50 हजार रुपये तक है। चित्रों के माध्यम से बुजुर्ग व्यक्तियों के अनुभव और जीवन के सार को दर्शाया गया है। इसके अलावा प्रदर्शनी में आठ महिला कलाकारों की 50 से अधिक कृतियां प्रदर्शित की गई है जिसमें सुलक्षणा आर्य, टीना सक्सेना, विनीता दर, सायोनी चटर्जी, शिवानी लारजू, रुचिका और नंदिका शर्मा ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।