हिमाचल के मंडी जिला के टकोली पंचायत भमसोई गांव में डायरिया की चपेट में पूरा गांव आ गया है। टकोली पंचायत की प्रधान मंजू देवी ने बताया कि भमसोई में लगभग 500 के करीब लोगों के डायरिया की चपेट में आने का अनुमान है।
विज्ञापन
डायरिया की चपेट में आए लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ऐंबुलेंसों सहित उपचार के लिए भमसोई पहुंच गई है।
भमसोई गांव में लगभग सभी लोग डायरिया से पीड़ित है। रविवार को डायरिया फैलने का मामला सामने आने पर एंबुलेंसों से पीड़ित लोगों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगवाईं लाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. कर्ण व अन्य स्टाफ ने पीड़ित लोगों को तुरंत ग्लूकोज चढ़ा कर प्राथमिक उपचार दिया। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की एक टीम गांव भेजी गई है। पीएचसी नगवाईं में 50 से अधिक लोगों को दाखिल किया गया।
आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि भारी बरसात के कारण पानी के स्रोत में गंदा पानी मिलने की आशंका है। विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। पेयजल स्रोत का निरीक्षण कर सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।