सचिवालय के समीप सड़क पर बैठकर धरना दिया।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश दृष्टि बाधित संघ ने बैकलॉग की भर्तियां नहीं होने के विरोध में मंगलवार को सचिवालय के पास सड़क पर बैठकर धरना दिया। सरकार से मात्र आश्वासन मिलने से नाराज संघ ने आने वाले दिनों में उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस दौरान संघ ने सड़क के एक किनारे बैठकर विरोध जताया। इसके चलते करीब दो घंटे तक सचिवालय से टॉलैंड, कसुम्पटी और नवबहार तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रहीं। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक प्रदर्शन हुआ।
संघ बैकलॉग की भर्तियां शुरू करने की मांग को लेकर डेढ़ साल से संघर्षरत है। संघ के सदस्यों ने छोटा शिमला में संजौली जाने वाले बस स्टाप के पास सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने इन्हें बीच सड़क से हटाकर एक ओर किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल, पुलिस प्रशासन सहित कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। दृष्टि बाधित बेरोजगार एक साल से शिमला में धरने पर बैठे हैं और बैकलॉग कोटे के सभी पद एकमुश्त भरने की मांग कर रहे हैं।
सरकारी नौकरी की मांग को लेकर इससे पहले भी दृष्टिबाधित बेरोजगार कई बार सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं। दृष्टिबाधितों का आरोप है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन नौकरी नहीं दी जा रही। इससे उनके सब्र का बांध टूटता जा रहा है। उन्हें बार-बार धोखा दिया जा रहा है। दृष्टिबाधित संघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि वह सभी लंबे वक्त से बैकलॉग भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।