जुन्गा के व्यक्ति से 16 लाख में खरीदा ट्रक, डेढ़ लाख चुकाए फिर 2.70 लाख में बेच दिया
ढली पुलिस कर रही है मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। ऑनलाइन वाहन बेचने और खरीदने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहताश 28 पुत्र देवी लाल निवासी लाहरगा जिला संगरूर के तौर पर हुई है। मामले में चार सदस्यों की संलिप्तता पाई गई है, अन्य की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक जुन्गा निवासी प्रेम दत्त के साथ ठगी की वारदात पेश आई है। इन्होंने 4 माह पहले खरीदे ट्रक को बेचने के लिए एक वेबसाइट पर विज्ञापन अपलोड किया। इस बीच ट्रक खरीद को लेकर पंजाब के एक व्यक्ति के साथ शपथ पत्र देकर समझौता हुआ। 11 नवंबर को खरीददार ने किसान को 16 लाख रुपये कीमत के ट्रक के लिए डेढ़ लाख नकद दिए। बाकी 14 लाख लोन चुकाने का वादा कर 15 किस्तों के उसे चेक दिए। बाद में ट्रक मालिक को किस्त के लिए बैंक से फ ोन आने शुरू हुए तो उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी बेहद सस्ती कीमत पर उन गाड़ियों को खरीदते थे जिन पर कर्ज होता था। कर्ज चुकाने की शर्त पर मालिक उन्हें कम कीमत पर बेचने को तैयार हो जाते। मामले में आरोपी ने ट्रक फ र्जी कागजात के आधार पर 2 लाख 70 हजार रुपये में बेच दिया है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। ढली थाना पुलिस मामले की जांचकर रही है।
आरोपी की फ र्जी पहचान जांच में उठेगा पर्दा
गाड़ी के मालिक को आरोपी कुछ रकम नकद देते हैं जबकि बाकी की रकम के लिए फ र्जी चेक दे देते हैं। गाड़ियों के एग्रीमेंट भी फर्जी नाम से तैयार किए जाते हैं। इसके बाद फर्जी कागजात तैयार कर वाहन को चोर बाजार में बेच देते थे। आरोपी फ र्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर सौदा करते थे। इसलिए बाद में गाड़ी मालिक उनसे संपर्क करने में नाकाम रहते थे।