एचपीयू परिसर में परिवहन सुविधा घटाने पर अभाविप का प्रदर्शन
विज्ञापन
एक हफ्ते में अतिरिक्त बसें चलाने का आग्रह संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में बसों की कम संख्या के विरोध में कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बसें बढ़ाओ राहत दो के नारे लगाए और प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
धरने को संबोधित करते हुए इकाई उपाध्यक्ष अंकुश वर्मा ने कहा कि पूर्व में परिसर के भीतर आवागमन के लिए छह बसें संचालित होती थीं जिससे विद्यार्थियों को कक्षाओं, पुस्तकालय, छात्रावास और विभिन्न विभागों तक पहुंचने में सुविधा मिलती थी। वर्तमान में केवल तीन बसें ही चल रही हैं जिससे हजारों छात्रों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दूर-दराज से आने वाले छात्रावास में रहने वाले तथा शारीरिक रूप से अक्षम विद्यार्थियों को अधिक कठिनाई हो रही है। अंकुश वर्मा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बसों की संख्या पूर्व की भांति बहाल नहीं की गई और पीक ऑवर्स में अतिरिक्त फेरे शुरू नहीं किए तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और उग्र रूप देगी। उन्होंने मांग की कि बसों की स्पष्ट समयसारिणी जारी की जाए और नियमितता सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी छात्र कक्षा या परीक्षा से वंचित न रहा। धरना शांतिपूर्ण रहा जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संगठन ने दोहराया कि छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।