गद्दी नृत्य पेश कर भी युवाओं ने बटोरी वाहवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के मुख्य सभागार में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विश्वविद्यालय इकाई ने जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर उलगुलान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति का रंगीन प्रदर्शन देखने को मिला। चंबयाली, शिमला, सिरमौर, लाहौली नाटी और किनौरी नाटी के अलावा गद्दी नृत्य ने दर्शकों का मन मोहा। पंजाब का प्रसिद्ध भांगड़ा भी आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों की ऊर्जा और पारंपरिक संगीत ने पूरे सभागार में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम में भारी संख्या में छात्राओं और अभाविप पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि ओम प्रकाश शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि यह दिवस आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर को सम्मान देने का संदेश देता है। उन्होंने छात्रों को उनके जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई भूमिका से प्रेरणा लेने की बात कही। इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि परिषद युवाओं को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करती रहेगी। इकाई सचिव सुशील शर्मा ने बताया कि छात्रों में सकारात्मक माहौल और रचनात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए परिसर में समय-समय पर गतिविधियां जारी रहेंगी।