नाटक में संजय सूद और निशांत रघु ने किया अभिनय
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के गेयटी थियेटर के गौथिक हॉल में बुधवार को जहर नाटक का मंचन किया गया। इसमें घृणा, अहंकार, नशे की प्रवृत्ति तथा मानवीय रिश्तों की नाजुक डोर को दिखाया गया।
नाटक का मंचन नगर निगम शिमला की ओर से विंटर कार्निवल थियेटर फेस्टिवल के तहत किया गया। नाटक ने लोगों को हंसने और विचार करने पर मजबूर कर दिया। नाटक की कहानी एक वृद्ध केमिस्ट और एक धनी व्यक्ति के बीच होने वाले तीखे तथा तनावपूर्ण संवादों पर आधारित है। इसमें दो पात्रों ने दर्शकों को एक सोच से जाेड़ा और हास्य के साथ गहरी मनोवैज्ञानिक संवेदना प्रस्तुत की। नाटक में संजय सूद ने केमिस्ट का पात्र निभाया, निशांत रघु ने अमीर व्यक्ति की भूमिका को गहराई और संवेदनशीलता से दर्शाया। इन पात्रों ने नाटक में दर्शाया कि अपने भावनात्मक केंद्र में जहर यह दर्शाता है कि विवाह में अहंकार, उपेक्षा और संवादहीनता किस प्रकार धीरे-धीरे प्रेम को विष में बदल देती है। नाटक इस बात पर जोर देता है कि हिंसा केवल शारीरिक नहीं होती भावनात्मक क्रूरता, अपमान और लंबा मौन भी उतने ही विनाशकारी हो सकते हैं। नाटक का निर्देशन भी संजय सूद ने किया। नाटक का लेखन पंकज सोनी ने किया, साउंड दिवेश शर्मा ने दिया, प्रकाश व्यवस्था अशोक नारवाल की थी। संगीत अधिराज और कपिल शर्मा ने दिया, स्टेज सेटिंग पुनीत प्रियांशु ने की। इसके अलावा नाटक के मंचन में लकी और एंजेल कौर सूद ने भी सहयोग किया।