संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल ढली के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज्य मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्य अतिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूनम शर्मा द्वारा निर्देशित झांसी की रानी आजादी की वीरांगना नाटक का मंचन भी किया। कार्यक्रम में आजादी में शहीदों के योगदान के बारे जानकारी दी गई। विद्यालय के नुजो ऑडिटोरियम में पंचदीप प्रज्ज्वलन के साथ वार्षिक उत्सव शुरू हुआ। छठी कक्षा के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद छठी, दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों ने प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्रधानाचार्या सिस्टर ग्रेस डावा मैरी ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी जिसमें स्कूल के वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण दिया गया। इस दौरान झांसी की रानी के अलावा विद्यार्थियों ने आजादी नृत्य के माध्यम से देश के क्रांतिकारियों के योगदान को दर्शाया। इसमें जलियांवाला बाग हत्याकांड, डांडी यात्रा, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहीदी को नाटकों के माध्यम से दर्शकों के समक्ष रखा। मुख्य अतिथि अनिरुद्ध सिंह ने छात्रों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की और स्कूल के छात्रों में अनुशासन, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्य सिस्टर ग्रेस डावा मैरी ने मुख्य अतिथि, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन स्कूल के राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रस्तुतियों का निर्देशन और नृत्य संयोजन मिसेज पूनम शर्मा ने किया।