लोक निर्माण विभाग ने आमंत्रित की निविदाएं, फरवरी में आवंटित होगा कार्य अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना की सड़क के सात सौ मीटर तंग हिस्से को चौड़ा करने कार्य जल्द शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग 1.71 करोड़ रुपये से सड़क को चौड़ा करने और इसकी टारिंग का कार्य करवाएगा। इस कार्य के लिए विभाग ने निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। इसके लिए आवेदन करने को दी गई पंद्रह दिन की समय सीमा के पूरा होने के बाद विभाग फरवरी के पहले सप्ताह कार्य आवंटित कर देगा।
काम आवंटित होने के साथ ही प्राथमिकता के आधार पर विभाग इस कार्य को शुरू करवाएगा। न्यायालय के आदेशों के बाद लोक निर्माण विभाग इस कार्य को जल्द पूरा कर अस्पताल आने जाने वाले लोगों को राहत देने के लिए कार्य कर रहा है। भट्ठाकुफर से लेकर चमियाना अस्पताल तक की 2.400 किलोमीटर लंबी की इस सड़क का अधिकतर हिस्सा लोक निर्माण विभाग ने पहले ही डबल लेन बना दिया है। इससे वाहनों की आवाजाही में कोई परेशानी नहीं रहेगी। इस सड़क में आने वाली सरकारी और निजी भूमि को अधिगृहीत करने का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। विभाग ने सड़क चौड़ा करने के लिए सड़क से होकर जा रहे पेयजल पाइप को हटाने को जल शक्ति विभाग, पेड़ों को कटवाने के लिए वन विभाग और इसमें आने वाले बिजली के खंबों को समय रहते बदलने के लिए विद्युत बोर्ड को रिमाइंडर भेज दिए हैं।
विज्ञापन
अगले माह आवंटित कर दिया जाएगा कार्य
लोक निर्माण विभाग के कसुम्पटी डिविजन के एक्सईएन नवीन कौंडल ने कहा कि सात सौ मीटर सड़क को चौड़ा करने के शेष रहे कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित कर कार्य आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे फरवरी के पहले सप्ताह अंत तक पूरा कर दिया जाएगा। कार्य आवंटन के साथ ही काम शुरू हो जाएगा।
210 मीटर होनी है पहाड़ी की ओर कटिंग
भट्ठाकुफर-चमियाना सड़क के चौड़ा किए जाने वाले सात सौ मीटर हिस्से में 210 मीटर पहाड़ी की ओर कटिंग की जानी है। 300 मीटर रिटेनिंग वाॅल (सुरक्षा दीवार) लगाई जानी है। सड़क को दस मीटर चौड़ा किया जाएगा जिसमें सात सौ मीटर में टारिंग होगी। सात सौ मीटर में सिर्फ 70 मीटर सड़क ऐसी रहेगी जिसमें चौड़ाई नहीं बढ़ेगी। इसमें सड़क के दोनों ओर निजी भवन हैं। शेष चौड़ी की जाने वाली सड़क डबल लेन बन जाएगी। इस कार्य के पूरा होने पर चमियाना अस्पताल सड़क पर जाम नहीं लगेगा।