मालरोड की तर्ज पर बनेंगे डक्ट, एक मीटर गहरे डक्ट बनाने की योजना, महापौर ने सीएम के सामने रखा प्रस्ताव बैनमोर वार्ड में डक्ट बनाने को दी है मंजूरी
मालरोड में काम खत्म कर शुरू होगा निर्माण अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के मालरोड की तर्ज पर अन्य बाजारों और बड़ी रिहायशी काॅलोनियों में भी तारों के जंजाल से लोगों को राहत मिल सकती है। इसके लिए नगर निगम विस्तृत योजना तैयार करने जा रहा है। तारों का जंजाल हटाने के लिए बाजारों-काॅलोनियों में कम गहराई के डक्ट बनाने की तैयारी है।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भी चर्चा कर ली है। मुख्यमंत्री ने मालरोड की तर्ज पर बैनमोर वार्ड में डक्ट बनाने को मंजूरी भी दे दी है। अब लोअर बाजार, संजौली, छोटा शिमला समेत अन्य बड़े उपनगरों में भी इस योजना को लागू करने की तैयारी है। नगर निगम के अनुसार मालरोड पर बन रहे डक्ट की गहराई करीब तीन मीटर है। लोअर बाजार समेत रिहायशी कालोनियों में इतने बड़े आकार का डक्ट बनाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसलिए यहां एक मीटर तक की गहराई वाले छोटे आकार के डक्ट बनाने की योजना है। यदि स्थानीय लोग और कारोबारी इसके लिए तैयार होते हैं तो जल्द इनका निर्माण शुरू हो सकता है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि मालरोड की तर्ज पर बैनमोर में डक्ट बनाने को मंजूरी मिल गई है। संजौली, लोअर बाजार समेत अन्य बड़े उपनगरों में छोटे आकार के डक्ट बनाने को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की है। मालरोड पर निर्माण पूरा होने के बाद इस योजना पर काम शुरू होगा।
लोअर बाजार में बिछेगी नई सीवरेज लाइन
शहर के लोअर बाजार में अब बड़े आकार की नई सीवरेज लाइन बिछेगी। इसके लिए महापौर सुरेंद्र चौहान ने कंपनी को निर्देश जारी कर दिए हैं। हाल ही में महापौर ने लोअर बाजार का दौरा किया था। इस दौरान स्थानीय कारोबारियों ने बताया कि पुरानी सीवरेज लाइन छोटे आकार की है। यह आए दिन टूट रही है। इससे बाजार में गंदगी फैल रही है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि तुलाराम शॉप से लेकर सुंदर पंसारी तक बाजार में नई छह इंच की सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। अभी यहां चार इंच की सीवरेज लाइन बिछी है।