मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह इराक में हो रही हिंसा के बीच फंसे हिमाचलियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने भारत के विदेश मंत्रालय से मामला उठाया है कि इनकी सकुशल वापसी के लिए शीघ्र कदम उठाया जाए।
मुख्यमंत्री सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बात कर रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्हें मीडिया से ही जानकारी मिली है कि 7-8 लोग इराक में फंसे हुए हैं।
लापता लोगों के बारे में मांगी रिपोर्ट
कुछ के परिजनों के बयान भी उन्होंने पढ़े हैं। इसके बाद विदेश मंत्रालय में बात कर अपनी चिंताओं से अवगत करवाया है। रोजगार की तलाश में इराक गए हिमाचलियों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सजग है।
उन्होंने सभी संबंधित जिलों से रिपोर्ट मांगी है कि फंसे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाए। इसके बाद इसे भारत सरकार से उठाया जाएगा, क्योंकि दूसरे मुल्क से बात करना केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है।
उम्मीद जताई, केंद्रीय बजट देगा राहत
वीरभद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने बजट सत्र की तारीखें तय कर दी हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस बार केंद्रीय बजट हिमाचल को राहत देगा। राज्य से जुड़े लंबित मसलों को नई सरकार के सामने उठाया गया है।
उन्होंने खुद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात में सारे मसले उठाए थे। सरकारें निरंतरता में काम करती हैं। इसलिए उन्हें लगता है कि केंद्र सरकार हिमाचल के साथ न्याय करेगी।
कैबिनेट की बैठक 25 जून को तय
हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक बुधवार 25 जून को तय की गई है। वीरवार को इस बारे में कार्यक्रम तय हुआ। प्रधान सचिव वित्त 23 जून को अवकाश से लौट रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह भी विदेश दौरे पर हैं और अगले हफ्ते लौटने वाले हैं।
इन सभी बातों को देखते हुए 25 जून का समय तय हुआ है। विभागों को इस बैठक के लिए एजेंडे तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।