पुलिस लाइन भराड़ी का मामला, मैनेजर समेत पूरा स्टाफ हटाया
विज्ञापन
आटा भी निकला खराब, सब्जियां निकलीं सड़ी
मामला सामने आने के बाद खराब राशन लौटाया अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में पुलिस जवानों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। हैरानी इस बात की है कि पुलिस लाइन भराड़ी में पुलिस मेस में ही जवानों को सड़ी हुई सब्जियां, खराब आटा और सड़े हुए टमाटर खिलाए जा रहे थे। खराब टमाटर में तड़का लगाकर दाल भी परोसी जा रही थी।
पुलिस प्रशासन ने मामला सामने आने के बाद आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए मेस मैनेजर समेत पूरे स्टाफ को हटा दिया है। यह मामला मंगलवार को उस समय सामने आया जब मेस में खराब राशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह घटना कुछ दिन पहले की बताई जा रही है। इस वीडियो में खराब आटे, सड़े हुए टमाटर और अन्य खाद्य वस्तुओं को दिखाया जा रहा है और पुलिस जवानों की सेहत को लेकर चिंता भी जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस जवानों ने इस बारे में संबंधित अधिकारियों से भी शिकायत की थी। मामला संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को खाना बनाने में लापरवाही बरतने वाले पूरे मेस स्टाफ को बदल दिया है। इसमें मैस मैनेजर, कुक और हेल्पर समेत अन्य कर्मी शामिल हैं। इसके साथ ही मेस में खरीदे गए खराब राशन को भी वापस भेज दिया है। भविष्य में जवानों के राशन की खरीद में किसी तरह की कोताही सामने न आए इसके लिए बाकायदा परचेजिंग कमेटी का गठन किया है।
अब यही कमेटी राशन की खरीद से संबंधित सभी निर्णय लेगी। पुलिस लाइन भराड़ी में बड़ी संख्या में जवान रहते हैं, जिनके लिए मैस में हर रोज खाना बनता है। ऐसे में इस तरह का मामला सामने आने के बाद जवान अपनी सेहत को लेकर चिंतित है। पुलिस लाइन भराड़ी में तैनात डीएसपी अमर सिंह ने बताया कि मामला सामने आने के बाद इस संबंध में उचित कार्रवाई की है। पूरा स्टाफ बदल दिया है। इसके साथ ही खराब राशन भी लौटा दिया है। भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो इसको लेकर उचित कदम उठाए हैं।