तापमान गिरने के बाद अच्छी तरह जम रही है बर्फ की परत, स्केटिंग करने के लिए रिंक में उतरे खिलाड़ी
विज्ञापन
लोगों ने शाम 6 से 7:30 बजे तक रिंक में की स्केटिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में बुधवार को सुबह के सत्र के बाद सीजन का पहला शाम का सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान हर उम्र के लोगों ने रिंक में स्केटिंग का आनंद लिया।
तापमान में गिरावट आने की वजह से बर्फ की अच्छी परत जमना शुरू हो गई है। ऐसे में आइस स्केटिंग क्लब की ओर से दोनों समय सुबह 8 से 10 और शाम को 6 से 7:30 बजे तक स्केटिंग के सत्र आयोजित करने शुरू कर दिए हैं। अभी तक रिंक में इस सीजन के 7 सत्र हो चुके हैं। क्लब के सदस्यों ने बताया कि जनवरी में जिमखाना भी आयोजित किया जाएगा जिसमें बच्चों की दौड़ फिगर स्केटिंग, मार्शल टीटो हॉकी के मैच सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएगी। बीते सीजन में आइस स्केटिंग रिंक में महज 36 सत्र ही आयोजित किए थे। इस गिरावट का प्रमुख कारण शिमला का मौसम रहा था जो अपेक्षाकृत गर्म रहा और बर्फबारी भी कम हुई। इस वर्ष ज्यादा ठंड पड़ने के चलते और रिंक में बर्फ की परत भी जल्दी जमने के चलते यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस सीजन में ज्यादा सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सदस्यता शुल्क की यह हैं दरें
आइस स्केटिंग रिंक में सीनियर के लिए पूरे सीजन का तीन हजार रुपये सदस्यता शुल्क देना होगा। जूनियर को 1,800 शुल्क देना होगा। सीनियर के लिए आधे सीजन का शुल्क 1700, जूनियर के लिए 900 रुपये देने होंगे। स्केट्स के किराये के रूप में सीनियर को 1500 और जूनियर को 1200 रुपये प्रति सीजन के हिसाब से किराया चुकाना होगा। इसके अलावा एक सत्र में कैजुअल स्केटिंग करने के लिए 300 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया है।