हिमाचल की विधानसभा देश की पहली डिजिटल एसेंबली बन गई है। बुधवार को इसकी शुरुआत मानसून सत्र से हो गई। इसके साथ ही विधानसभा सदन का सारा कामकाज हाईटेक और पेपर लेस हो गया।
ई-विधान प्रोजेक्ट के तहत सदन में हर विधायक की सीट पर एक टच स्क्रीन लगाई गई है। ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है कि संबंधित विधायक की उंगली के टच से ही स्क्रीन ऑन होती है। सीएम वीरभद्र सिंह का टेबल ऐसा बनाया गया है कि जब वे खड़े होकर बोलते हैं तो टेबल भी ऊपर उठ जाता है।
पूरे दिन का बिजनेस एजेंडा, प्रश्न-उत्तर, विधेयक, सदन के पटल पर रखे जाने वाले कागज सब पीडीएफ फार्म में डिजिटलाइज करके डाले जाते हैं। टच करने से कागज के अंतिम पेज पर पहुंचा जा सकता है।
बटन पर टच करते ही सदन में चल रही कार्यवाही पर पहुंच सकते हैं। स्क्रीन पर वोटिंग के लिए प्रावधान किया गया है। सदन के भीतर चार एलसीडी लगाई गई हैं। इन पर विधायकों के बोलने का समय का पता चलता रहता है।