दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा(फाइल फोटो)
दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा का शव जिला मुख्यालय के साथ लगते खनियारा में दफनाया जाएगा। अभिनेता के परिजनों ने शव को मुंबई न ले जाकर यहीं दफनाने की बात कही है। जानकारी के अनुसार अभिनेता आसिफ बसरा की बहन और अन्य लोग शुक्रवार को धर्मशाला पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद आसिफ का शव उनके सुपुर्द कर दिया।
सूत्रों की मानें तो आसिफ के परिजन शव को मुंबई नहीं ले जाएंगे। वे आसिफ का शव जिला मुख्यालय के साथ लगते खनियारा के कब्रिस्तान में दफनाने की बात कर रहे हैं। यहां शनिवार को शव को दफनाया जाएगा। अभी अभिनेता आसिफ बसरा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। आसिफ का कोरोना टेस्ट भी नहीं करवाने की बात सामने आई है।
वहीं, एसपी विमुक्त रंजन ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद अभिनेता आसिफ बसरा का शव परिजनों को सौंप दिया है। अभी तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आई है। गौर रहे कि वीरवार को बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा ने पर्यटन नगरी मैकलोडगंज में एक किराए के मकान में फंदा लगा लिया था। आसिफ पिछले कई दिनों से अपनी विदेशी महिला मित्र के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। वीरवार को उन्होंने अपने किराए के मकान में कुत्ते को बांधने वाली रस्सी से फंदा लगाया था।