कोरोना महामारी ने चूड़धार जाने वाले श्रद्धालुओं के कदम रोक दिए हैं। श्रावण माह में चूड़धार में हजारों श्रद्धालु पहुंचते थे, लेकिन इस वर्ष सभी रास्तों में सन्नाटा पसरा है। जिला सिरमौर, शिमला, सोलन के आराध्य देव शिरगुल महाराज के दर्शन को इन जिलों से ही नहीं, बल्कि अन्य जिलों के अलावा बाहरी राज्यों से भी श्रद्धालु आते हैं। कोरोना के चलते इस बार चूड़धार यात्रा पर रोक है। कुछ लोग चोरी-छिपे पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां शिरगुल महाराज के दर्शन नहीं हो रहे हैं। मंदिर के कपाट बंद हैं। वहां न तो रहने और न ही खाने की कोई व्यवस्था है। गौरतलब है कि नवंबर से 15 अप्रैल तक चूड़धार के कपाट भारी बर्फबारी के चलते बंद रहते हैं। इस बार कोरोना के कारण मंदिर के कपाट अभी तक बंद हैं।