कांग्रेस कार्यालय के पास से सीधे पार्किंग में प्रवेश कर पाएंगे वाहन, बीच सड़क से पार्किंग के लिए मुड़ने से अभी रोज लगता है जाम
अगस्त तक डबल लेन पुल तैयार करना है लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के लिफ्ट के पास लगने वाले यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान अगस्त तक हो जाएगा। पुराने कांबरमेयर पुल के साथ करीब 8 करोड़ से निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निर्माण कार्य अगस्त तक पूरा हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर करवाने के लिए कार्य कर रहा है। पुल के बनने के बाद वाहन सर्कुलर रोड के बीच से मुड़े बिना कांग्रेस कार्यालय के पास से सीधे पार्किंग में प्रवेश कर पाएंगे। यही नहीं पुल निर्माण का कार्य पूरा होने के तुरंत बाद पार्किंग से लिफ्ट तक पैदल जाने के लिए अंडर पाथ का निर्माण किया जाना है। इस अंडर पाथ के बनने पर लिफ्ट के पास सुबह शाम और वीकेंड पर जुटने वाले पर्यटकों को बिना किसी जोखिम के सड़क पार करना आसान और सुरक्षित होगा। अंडर पाथ पार्किंग से सीधे कनेक्ट होगा। इससे सैलानी मालरोड से लिफ्ट से नीचे पहुंचकर सड़क पार कर सकेंगे।
सड़क पार करने के लिए सैलानियों और स्थानीय लोगों को वाहनों के रुकने का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। इस पुल निर्माण और अंडर पाथ के बन जाने पर शहर की जनता को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं पुल के बनने के बाद लिफ्ट पार्किंग से सीधे वाहन कांग्रेस कार्यालय से पार्किंग में आ जा सकेंगे। इससे कार्ड रोड पर जाम लगने की संभावनाएं न के बराबर रहेंगी। पार्किंग से निकलने और पार्किंग में प्रवेश के वक्त अक्सर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रुक जाती है जिससे शहर में यातायात जाम लगता है।
पुल निर्माण के बाद होगा अंडर पाथ का निर्माण
लिफ्ट नाले के ऊपर चल रहे डबल लेन पुल का निर्माण कार्य अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस कार्य के पूरा होने के बाद आम लोगों और पर्यटकों के लिए सड़क पार करने के लिए अंडर पाथ बनाया जाएगा। पुराने पुल की तर्ज पर डबल लेन पुल के दोनों ओर लोगों के पैदल चलने के लिए रास्ता बनाया जाना है। इससे जाम की समस्या हल हो जाएगी।
-प्रवीण वर्मा, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग शहरी डिविजन