दस से बारह मीटर तक चौड़ा किया जाएगा राजीव गांधी चौक, बिना रुके होगी अब वाहनों की दोनों तरफ से आवाजाही
विज्ञापन
चार माह के भीतर कार्य पूरा करने का रखा है लक्ष्य अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर से सबसे व्यस्त रहने वाले छोटा शिमला राजीव गांधी चौक पर लगने वाले जाम से जल्द निजात मिलेगी। इस चौक को थ्री लेन तक किया जाएगा। इस पर कार्य शुरू हो चुका है।
दो करोड़ से किए जा रहे इस कार्य को लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। चार माह के भीतर इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। छोटा शिमला में संजौली, ओल्ड बस स्टैंड, कसुम्पटी और मालरोड की प्रतिबंधित सड़क इसी चौक पर मिलती है। इससे रोज पीक ऑवर्स में यहां जाम लग जाता है। इसे कई बार ट्रैफिक पुलिस को भी संभालना मुश्किल हो जाता है। प्रदेश सचिवालय के बाहर इस चौक से वीआईपी और आलाधिकारियों की आवाजाही भी होती है। इससे चौक पर ट्रैफिक को नियंत्रित करना मुश्किल होता है। इस समस्या का अब स्थायी समाधान करने के लिए सचिवालय की ओर इस चौक को चौड़ा करने का कार्य शुरू किया है।
विज्ञापन
चौक दस से बारह मीटर तक खुल जाएगा। इससे ओल्ड बस अड्डे से संजौली की ओर जाने वाली सड़क इस चौक पर थ्री लेन के बराबर खुल जाएगी। इसके खुलने से ओल्ड बस अड्डे से संजौली की ओर जाने वाले वाहन सीधे बिना रुके गुजर सकेंगे। कसुम्पटी और मालरोड से आने वाली गाड़ियां भी चौक से सीधे निकल सकेंगी। रोजाना इस चौक से हजारों की संख्या में छोटी-बड़ी सरकारी और निजी गाड़ियों के अलावा सैकड़ों निजी तथा सरकारी बसें गुजरती हैं। इसमें हजारों लोग सफर करते है। चौक खुलने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान होने से उन्हें आवाजाही के लिए जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। सचिवालय के कर्मचारी और आम लोगों को वीआईपी मूवमेंट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। शहर की ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से किया जा रहा यह एक सफल प्रयास साबित होगा।
चौड़ा होगा चौक, मिलेगी राहत
छोटा शिमला में चार सड़कों के मिलने वाले पाॅइंट पर बने चौक को चौड़ा करने का कार्य दो करोड़ रुपये से किया जा रहा है। इससे करीब दस से बारह मीटर चौक खुल जाएगा। इससे बिना रोके टैफिक संचालित किया जा सकेगा। पुलिस थाना छोटा शिमला तक सचिवालय की ओर कटिंग का कार्य किया जाना है। इससे छोटा शिमला में जाम की समस्या नहीं रहेगी, लोगों का सफर आसान और जाम मुक्त होगा। -प्रवीण वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण डिविजन-तीन