घर में एक साल पहले कारीगर ने किया था काम
फिर भाई के साथ साजिश बनाकर करवा चोरी देवेंद्र ठाकुर शिमला। शहर के यूएस क्लब क्षेत्र में एक चिकित्सक के घर हुई चोरी में नया खुलासा हुआ है। चोरी के पीछे एक कारीगर की ‘कारीगरी’ सामने आई है। यह कारीगर उसी आरोपी का भाई है जिसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
दरअसल कारीगर ने चिकित्सक के घर में एक साल पहले कुछ काम किया था। कारीगर घर केे हर कमरे से वाकिफ हो गया था। इसी कारीगर ने चोर गिरोह को घर के बारे में जानकारी दी थी जिसके गिरोह ने दस लाख कीमत के सोने के गहने चुरा लिए थे। इसका खुलासा पुलिस जांच में हुआ। शहर वासियों को पुलिस प्रशासन ने सतर्क किया है कि घर में किसी भी बाहरी कारीगर से काम करवाने से पहले उसका शहर के किसी थाने का पंजीकरण नंबर अवश्य देखें। किसी कारीगर का पंजीकरण नंबर नहीं है तो उसे कहें कि नजदीक के थाने में जाकर पंजीकरण करवाएं। संदिग्ध कारीगर होगा तो वह लौटकर नहीं आएगा। थोड़ी सी सावधानी से आप जीवन भर की पूंजी बचा सकते हैं।
विज्ञापन
सोमवार को यूएस क्लब में डॉक्टर के घर चोरी की वारदात को लेकर आरोपी को मौके पर लेकर गई पुलिस और गवाहों के बयान दर्ज किए। सोमवार को पुलिस आरोपी को मौके पर लेकर गई और घटना का रिक्रिएशन करवाया। इस दौरान गवाहों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी के भाई ने करीब एक साल पहले घर में लकड़ी की पैनलिंग का काम किया था। इस दौरान उसने घर की रैकी कर ली थी। इसके बाद ही उसके दिमाग में यहां चोरी की वारदात को अंजाम देने का ख्याल आया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
योजना बनाने के बाद वारदात से एक दिन पहले यही शख्स अपने भाई जावेद मोहम्मद उर्फ महाराजूदीन निवासी गंदोआ, जिला डोडा जम्मू कश्मीर को यूएस क्लब लेकर गया और उसे घर दिखाया। इसने यह भी बताया कि घर में अलमारियों के भीतर सोने के जेवरात रखे हैं। चोरी की घटना के दिन जावेद ने यहां दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उसका भाई बाजार गया और परिवार का पीछा करता रहा। साथ ही फोन पर लगातार उसे जानकारी भी देता रहा। पुलिस ने इस मामले में जावेद मोहम्मद के भाई को भी आरोपी बनाया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यहां से सोने के जेवरात चोरी करने के बाद वह मच्छी वाली कोठी की तरफ भागा और यहां उसने ओक ओवर पास चोरी में इस्तेमाल की लोहे की छेनी को छिपाया। इसके बाद वह बाजार चला गया। रात को वह होटल में ठहरे। पुलिस ने आरोपी को मंडी और कुल्लू जिले की सीमा पर ओट के पास गिरफ्तार किया है।