देश की दूसरी सबसे ऊंची लाहौल घाटी में बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच खतरनाक संकरी रास्तों में 11 जुलाई से साइकिलिंग का रोमांच होने जा रहा है। समुद्रतल से करीब 12 हजार फीट ऊंचाई पर प्रतिभागी 48 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर साइकिल दौड़ाएंगे। इसके लिए देश भर से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। एक विदेश साइकिलिस्ट भी हिस्सा लेगा।
यह चैंपियनशिप साइकिल एसोसिएशन और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में होगी। इसमें देश के जाने-माने प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। फेडरेशन इससे पहले लद्दाख में भी साइकिलिंग चैंपियनशिप करवा चुकी है। लाहौल-स्पीति साइकिल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि 11 जुलाई को डीसी नीरज कुमार केलांग पुलिस ग्राउंड से चैंपियनशिप का शुभारंभ करेंगे। मंत्री डॉ. मारकंडा समापन करेंगे। प्रेस सचिव राहुल रोहेल ने बताया कि चैंपियनशिप में राजस्थान, चंडीगढ़, देहरादून, हरियाणा और लेह समेत जर्मनी के साइकिलिस्ट भी भाग ले रहे हैं।
शिवेन, देवेंद्र, नमन बिज, रक्षित जोशी, माधव दत्त और डेविड कुमार जैसे देश के नामचीन साइकिलिस्ट भी शिरकत कर रहे हैं। सीनियर वर्ग में 48 किमी और जूनियर वर्ग में 33 किमी का ट्रैक बनाया गया है। प्रतियोगिता में करीब दो लाख रुपये के इनाम दिए जाएंगे। साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव नीरज कुमार, हिमाचल साइकिलिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विविध शर्मा और महासचिव रोहित शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
लड़कियां भी संकरी सड़कों पर दौड़ाएंगी साइकिल
चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए लड़कियों को भी मौका मिलेगा। लड़कियों का भी अलग वर्ग बनाया गया है। घाटी समेत कई हिस्सों से लड़कियों ने साइकिलिंग प्रतियोगिता के लिए ऑॅनलाइन आवेदन किया है।