शहर के कारोबारियों ने होली पर मेड इन चाइना का सामान नहीं बेचने का फैसला लिया है। मंगलवार को कारोबारियों ने मेड इन चाइना उत्पादों को आग के हवाले किया। इस दौरान आतंकवादी मसूद अजहर का पुतला भी फूंका गया।
मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने पर चीन के ऐतराज पर भी विरोध जताया। कारोबारियों ने चीन और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने भी कारोबारियों के इस आंदोलन में साथ दिया।
व्यापार मंडल के महासचिव मनोज गुप्ता ने बताया कि सोलन के कारोबारियों से आह्वान किया गया है कि वे चीन में निर्मित किसी भी उत्पाद की बिक्री न करें। साथ ही लोगों को भी जागरूक करें कि वे सस्ते के चक्कर में चीन का कोई भी उत्पाद न खरीदें।
इस मौके पर कारोबारियों ने चीन में बने उत्पादों को आग के हवाले कर दिया। दुकानदार हरीश कुमार ने बताया कि इस बार भारतीय उत्पाद ही होली पर बेचे जा रहे हैं। गंज बाजार के असीम का कहना है कि इस बार लोगों ने चाइनीज रंगों का पूरी तरह बहिष्कार कर दिया है। इस वर्ष मेड इन इंडिया रंगों की भरमार है।