स्कूलों का दर्जा घटने के बाद गहराया था नौकरी पर संकट, सितंबर का रुका मानदेय भी मिलेगा
शिक्षा निदेशालय ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। प्रदेशभर में स्कूलों का दर्जा घटाए जाने के बाद नौकरी के संकट से जूझ रहे एसएमसी शिक्षकों की नौकरी अब सुरक्षित हो गई है। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों के एसएमसी शिक्षकों को अन्य स्कूलों में समायोजित करने का फैसला किया है। विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इसी के तहत जिला शिमला के दो स्कूलों के कुल 9 एसएमसी शिक्षकों की नौकरी भी सुरक्षित हो गई है।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने स्कूल शिक्षा निदेशालय के आदेशों के बाद सभी स्कूल प्रमुखों को इन्हें नियुक्ति देने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले में प्रदेश सरकार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाघल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कड़ीवान का दर्जा घटाया है। इन दोनों स्कूलों में 9 एसएमसी शिक्षक सेवाएं दे रहे थे। स्कूलों का दर्जा घटने के बाद इनकी नौकरी पर संकट आ गया था लेकिन विभाग ने इन्हें समायोजित कर दिया है। विभाग ने इन सभी शिक्षकों को नए स्कूल समायोजित किया है। निदेशालय ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को इन शिक्षकों का सितंबर 2026 का एसएमसी मानदेय जारी करने के निर्देश दिए हैं। इससे नए स्कूलों में पहुंचे शिक्षकों को रुका हुआ मानदेय मिलने का रास्ता साफ हो गया है। उपनिदेशक लेखराज भारद्वाज ने बताया कि जिले में स्कूल शिक्षा निदेशालय के आदेशों के अनुसार सभी 9 एसएमसी शिक्षकों को समायोजित करने के निर्देश सभी स्कूल प्रमुखों को दे दिए हैं। उन्हें संबंधित स्कूलों को आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई करने को कहा गया है।