क्षेत्र के तहत पड़ते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलमेहड़ा स्कूल में छठी कक्षा से लेकर बारहवीं कक्षा तक 250 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, संस्कृत, हिंदी, ड्राइंग अध्यापकों की कमी से विद्यार्थियों का भविष्य राम भरोसे हैं। स्कूल में कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। परंतु विद्यालय में अध्यापकों सहित कुल 14 पद रिक्त चल रहे हैं।
इनमें से कुछ पद पिछले दो-तीन वर्ष से रिक्त चल रहे हैं। कुछ अभिभावकों ने तो अपने बच्चों को या तो निजी या कहीं दूसरे सरकारी स्कूल में दाखिला करवा दिया। स्कूल में वर्तमान में प्रवक्ता जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, संस्कृत, हिंदी, ड्राइंग, पीटीआई सहित अधीक्षक, क्लर्क और चपरासी सहित 14 पद रिक्त चल रहे हैं।
वहीं पर अभिभावकों में सोहना देवी, प्रोमिला देवी, सोनू देवी, रीना देवी, कांता देवी, सोमनाथ, सुरेश ठाकुर, जसवीर सिंह सहित अन्य अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और स्थानीय विधायक से बच्चों के भविष्य का ध्यान रखते हुए तलमेहड़ा स्कूल में स्टाफ उपलब्ध करवाने की मांग की।
स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष विनोद शर्मा का कहना है कि स्कूल में चल रहे रिक्त पदों को भरने के लिए शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों तथा चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू सहित अन्य को अवगत करवा दिया गया है।
स्टाफ की कमी से बच्चों के अभिभावक भी दूसरे स्कूलों का रुख कर रहे हैं। वहीं पर शिक्षा विभाग ऊना के उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है। तलमेहड़ा स्कूल में चल रहे रिक्त पदों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक भेज दी गई है। जैसे ही आदेश आएंगे, तलमेहड़ा स्कूल में रिक्त चल रहे पदों को भरा जाएगा।