सरकार के आदेशों को मंडी, बिलासपुर और लाहौल स्पीति के शिक्षक ठेंगा दिखा रहे हैं। इन तीन जिलों के शिक्षकों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा लांच किए गए शिक्षा साथी एप का अक्तूबर में एक बार भी प्रयोग नहीं किया है। कोताही बरतने पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने तीनों जिलों के उपनिदेशकों को नोटिस जारी कर जवाबतलबी की है।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों के निरीक्षण के लिए शिक्षा साथी एप लांच किया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट वहीं से अपलोड करने की इसके तहत व्यवस्था दी गई है।
मौके के फोटो भी अपलोड करने को कहा है। सरकारी स्कूलों का दफ्तरों में बैठकर फर्जी निरीक्षण रोकने के लिए शिक्षा साथी एप शुरू किया गया है। स्कूलों में व्याप्त कमियों को कैसे सुधारा जा सकता है।
इसको लेकर उच्च अधिकारी एप में सुझाव दे सकते हैं। शिक्षा विभाग ने सभी जिला उपनिदेशकों को नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है। इसके बावजूद कई जिले एप का प्रयोग नहीं कर रहे हैं।