हिमाचल बी ने हिमाचल ए टीम को 2-1 से हराया
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन फोर दिव्यांग की ओर से आयोजित टी-20 क्रिकेट सीरीज पर हिमाचल बी टीम ने कब्जा किया। यह प्रतियोगिता 12 और 13 फरवरी को बद्दी यूनिवर्सिटी के एकलव्य क्रिकेट खेल मैदान में हुई। इसमें प्रदेश के हर जिले से चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन फोर दिव्यांग के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने बताया कि पहले मैच में हिमाचल बी टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 115 रन का ए टीम को लक्ष्य दिया। अजय शर्मा ने 59 रन, ईशान नेगी 25 रन और 17 रन मनोहर ने बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल ए टीम मात्र 69 रनों पर सिमट गई। दूसरे मैच में हिमाचल बी टीम ने फिर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और 130 रनों का लक्ष्य हिमाचल ए टीम के सामने रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल ए टीम ने 120 रन ही बना पाई। फाइनल मुकाबले में हिमाचल बी टीम ने 20 ओवर में 146 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में हिमाचली ए टीम ने 17.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच गुरमीत धीमान चुने गए। जबकि चंबा के अजय शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया।