तपोवन स्थित हिमाचल विधानसभा में अब जनता के मुद्दे ही नहीं गूंजेंगे, बल्कि इस शानदार परिसर में पर्यटक और आम लोग भी घूम सकेंगे। धौलाधार पहाड़ियों की गोदी में बने प्रदेश विधानसभा परिसर के द्वार अब पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी है। इतना ही नहीं पूरे साल में करीब एक हफ्ता ही विधानसभा के लिए इस्तेमाल होने वाले इस परिसर में विभिन्न कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जा सकेगा।
आगामी मानसून सत्र में विधानसभा कमेटी के समक्ष तपोवन परिसर को पर्यटकों के लिए खोलने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से मंजूरी मिलने के बाद इस शानदार परिसर में घूमकर पर्यटक दिलकश वादियों को निहार सकेंगे। पर्यटकों के लिए पूरा साल विधानसभा का यह परिसर खुला रखा जाएगा।
हिमाचल विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा ने बताया कि धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा परिसर को पर्यटकों के लिए खोलने पर पहले भी चर्चा हो चुकी है। आगामी मानसून सत्र के दौरान विधानसभा की कमेटी इसे सैद्धांतिक मंजूरी दे सकती है। हिमाचल विधानसभा के तपोवन परिसर में शीतकालीन सत्र के अलावा पहली बार कार्यशालाओं का आयोजन हो सकेगा। इससे पूर्व शिमला विधानसभा परिसर में उत्तर भारत के राज्यों के विधायकों और सचिवों की कार्यशाला हो चुकी है।
टिकट कटेगा या नहीं, इस पर भी होगा फैसला
विधानसभा परिसर को पर्यटकोें के लिए पूरा साल खुला रखने पर जहां कमेटी फैसला लेगी, वहीं इसकी एवज में पर्यटकों को टिकट लेना होगा या नहीं, यह भी तय किया जाएगा।
धर्मशाला में होगा तीसरा प्रमुख पर्यटन स्थल
धर्मशाला में मैक्लोडगंज स्थित दलाईलामा टेंपल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। अब अगर तपोवन विधानसभा परिसर को भी पर्यटकों के लिए खोल दिया गया तो यह धर्मशाला में तीसरा प्रमुख पर्यटन स्थल होगा। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के अंदर जाने के लिए अब पर्यटकों को टिकट कटवाना पड़ता है।